Entertainment

आरडी बर्मन के घर को बचाने के लिए आगे आए फैंस, 7,000 से ज्यादा लोगों ने अधिकारियों से की यह गुजारिश

संगीत प्रेमी एक एतिहासिक इमारत को बचाने के लिए एक साथ आ रहे हैं। यह इमारत कोई और नहीं बल्कि कोलकाता में मौजूद महान संगीतकार एसडी बर्मन और आरडी बर्मन का बचपन का घर है। यह घर कोलकाता के 36/1 साउथ एंड पार्क में मौजूद है। इस इमारत की उपेक्षा हो रही है। फैंस अब अधिकारियों से गुजारिश कर रहे हैं कि इस घर को म्यूजियम में बदल दिया जाए।

फैंस कर रहे अधिकारियों से यह मांग
अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए प्रशंसकों के एक समूह ने एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है। इस पर एक हफ्ते के भीतर ही 7,000 से ज्यादा हस्ताक्षर हो चुके हैं। फैंस का कहना है कि इस घर को सांस्कृतिक स्थल के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए। याचिका में कहा गया है ‘यह घर सिर्फ ईंट और पत्थर की इमारत नहीं है। इसमें उनकी गूंज है जिन्होंने भारतीय संगीत को आकार दिया। इसे एक संग्रहालय, एक सांस्कृतिक स्थान में बदल दिया जाना चाहिए। इससे उनकी प्रतिभा का सम्मान होगा।’

ममता बनर्जी ने किया था वादा
जनवरी 2021 में, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घर के बाहर की सड़क का नाम बदलकर ‘संगीत सरणी’ कर दिया था और संपत्ति को संग्रहालय में बदलने की बात चल रही थी। हालांकि परिवार के सदस्यों के मुताबिक इस योजना पर काम आगे नहीं बढ़ सका।

आरडी बर्मन के चाचा अभिजीत दासगुप्ता ने द टेलीग्राफ को बताया ‘हमसे एक संग्रहालय बनाने का वादा किया गया था। हमें बताया गया था कि एक नीली पट्टिका लगाई जाएगी। 2021 में, उन्होंने उस गली का नाम बदलकर संगीत सरणी भी कर दिया। हालांकि इसके बाद कुछ नहीं हुआ।’

कौन हैं आरडी बर्मन?
आरडी बर्मन भारतीय सिनेमा के सबसे मशहूर संगीत निर्देशकों में से एक थे। वह 1960 से 1990 के दशक तक सक्रिय रहे। उन्होंने 330 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया। बर्मन ने मुकेश, किशोर कुमार, लता मंगेशकर, आशा भोसले और मोहम्मद रफी जैसे गायकों के साथ काम किया।

Related Articles

Back to top button