Uttar Pradesh

एसपी ने किया साइबर थाने का सिपाही निलंबित, प्रभारी लाइन हाजिर

हाथरस: हाथरस में हसायन क्षेत्र के नगला बरी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिशन के साथ हुई ठगी के मामले में एक व्यापारी को फंसाने के मामले में एसपी ने थाना साइबर सेल के सिपाही पवनेश को निलंबित कर दिया है, जबकि प्रभारी विपिन चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच एएसपी अशोक कुमार को सौंपी गई है।

पिछले दिनों हसायन निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिशन के खाते से करीब 20 लाख रुपये की ठगी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने उनके पड़ोसी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक की सिम पोर्ट करने वाले युवक का नाम भी सामने आया था। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में मेंडू निवासी एक मोबाइल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर विष्णु गुप्ता से भी वार्ता की।

आरोप है कि यहां तैनात सिपाही ने व्यापारी पर मामले में फंसाने का दबाव बनाते हुए दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। इसकी जानकारी सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज ध्वरैय्या को हुई तो उन्होंने सोशल मीडिया पर धरने की चेतावनी दी। उनका आरोप था कि सिपाही पवनेश ने रिश्वत मांगी है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपों के आधार पर सिपाही को निलंबित कर दिया गया है, जबकि थाना साइबर सेल प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button