Uttar Pradesh

बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत, एक किशोर की हालत गंभीर

बदायूं: बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव वैन में सोमवार दोपहर गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई। तीसरे किशोर को बचा लिया गया। तीनों किशोर गड्ढे में नहाने घुसे थे, लेकिन उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं था। ग्रामीणों ने दोनों भाइयों के शवों को गड्ढे से बाहर निकाला। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।

वैन गांव से सिद्धपुर जाने वाले मार्ग के किनारे एक खेत में गड्ढा बना है। जिसमें रविवार रात हुई तेज बारिश का पानी भर गया। सोमवार दोपहर गांव वैन निवासी वेदप्रकाश के बेटे भुवनेश (9 वर्ष) और नवनीत(14 वर्ष) गड्ढे के पानी में नहाने गए थे। उनके साथ पप्पू का बेटा अमर(10 वर्ष) भी नहा रहा था। तीनों बालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं था। इससे तीनों गहरे पानी में जाते ही डूबने लगे।

ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला
अमर ने बचाओ… बचाओ कहकर चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर खेत पर काम कर रहे लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला। उन्हें बिल्सी सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने सगे भाई नवनीत व भुवनेश की मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमर की हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। दोनों भाइयों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने बताया कि सगे भाइयों के पिता वेदप्रकाश घोड़ा तांगा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके दो बेटे और दो बेटी थे। दोनों बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बहन लवली और बबली का रो-रोकर बुरा हाल था।

Related Articles

Back to top button