Entertainment

बहुत सारा प्यार और थोड़ा सा वार लेकर आ रहे आर्यन खान, ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की पहली झलक आई सामने

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान के बड़े बेटे आर्यन खान भी अब ओटीटी पर डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, आर्यन पिता की तरह एक्टिंग में नहीं बल्कि निर्देशक के तौर पर बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। आर्यन अपना डेब्यू ओटीटी से कर रहे हैं। आज उनके डेब्यू शो ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की पहली झलक सामने आ गई है।

एक्शन और रोमांस से भरपूर होगा शो
1 मिनट 26 सेकंड के इस वीडियो में आर्यन खान सबसे पहले नजर आते हैं। वो अपने इस शो के बारे में बताते हैं। आर्यन अपने पिता शाहरुख खान की फिल्म ‘मोहब्बतें’ का सुपरहिट डायलॉग ‘एक लड़की थी दीवानी सी…’ बोलते हैं। इसी दौरान उनके शो की झलक भी देखने को मिलती है। जिसमें ‘किल’ फेम लक्ष्य लालवानी और आन्या सिंह नजर आते हैं। दोनों के बीच एक लव स्टोरी दिखाई जाती है। फिर टिपिकल बॉलीवुड फिल्म की तरह एक्शन और ड्रामा भी नजर आता है। जिससे जाहिर होता है कि आर्यन खान की यह वेब सीरीज एक फुल टिपिकल बॉलीवुड फिल्मों का मसाला होने वाली है। क्योंकि ये कहानी है बॉलीवुड की।

अब शुरू होगा शो…
इस फर्स्ट लुक वीडियो में आर्यन खान कहते नजर आते हैं कि अब तक आपने बॉलीवुड को बहुत सारा प्यार और वार दिया है। मेरे शो में भी आपको बहुत सारा प्यार और थोड़ा सा वार देखने को मिलेगा, क्योंकि ये कहानी है बॉलीवुड की। इससे साफ है कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में एक्शन और रोमांस के साथ भरपूर ड्रामा देखने को मिलेगा। वीडियो में आर्यन कहते हैं पिक्चर तो कई साल से बाकी है, लेकिन शो अब शुरू होगा। आर्यन खान ने ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को न सिर्फ डायरेक्ट किया है बल्कि लिखा भी है। अब 20 अगस्त को ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का प्रिव्यू सामने आएगा, जिसमें शो के बारे में और भी जानकारी पता लग सकती है।

नेटफ्लिक्स पर आएगी ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’
आर्यन ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ से इंडस्ट्री में अपने कदम रख रहे हैं। आर्यन इस शो से बतौर डायरेक्टर अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। इसकी घोषणा के बाद से ही फैंस इसके लिए काफी उत्साहित थे। हालांकि, अभी इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है। वैसे तो अभी पूरी कास्ट की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन जिन्हें फर्स्ट लुक के साथ सोशल मीडिया पर मेंशन किया गया है उनमें बॉबी देओल, राघव जुयाल और मोना सिंह जैसे सितारे शामिल हैं। जिससे पता चलता है कि आर्यन के शो में ये किरदार भी नजर आएंगे।

Related Articles

Back to top button