Entertainment

हर्षवर्धन राणे की ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का टीजर जारी, दिखेगी इंटेंस लव स्टोरी

अभिनेता हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा कि रोमांटिक लव स्टोरी फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का टीजर आज रिलीज हो गया है। टीजर में दोनों एक दूसरे के प्यार में खोए नजर आए हैं। फिल्म में एक इंटेंस लव स्टोरी नजर आएगी।

प्यार-रोमांस से लेकर दर्द और नफरत तक की कहानी
टीजर की शुरुआत जोरदार बारिश के सीन से होती है, जहां सभी लोग छाता लिए हुए खड़े हैं। इसके बाद हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की झलक दिखती है। इस बीच हर्षवर्धन राणे की आवाज में वॉइस ओवर आता है, जिसमें वो कहते हैं ‘तेरे लिए मेरा प्यार तेरा भी मोहताज नहीं। ये मरते दम तक रहेगा, सिर्फ आज नहीं।’ इसके बाद हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की लव स्टोरी से लेकर उनके बिछड़ने तक की कहानी देखने को मिलती है। टीजर को देखकर पता चलता है कि हर्षवर्धन राणे एक बार फिर एक इंटेंस लव स्टोरी लेकर आए हैं, जिसमें प्यार और रोमांस से लेकर दर्द और नफरत तक देखने को मिलेगी।

हर्षवर्धन राणे को तबाह करने निकलीं सोनम बाजवा
टीजर में एक के बाद एक कई शायराना अंदाज के डायलॉग हैं। 1 मिनट 40 सेकंड के इस टीजर में हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा के बीच प्यार से लेकर नफरत तक की कहानी देखने को मिलती है। जहां टीजर की शुरुआत में दोनों रोमांस करते नजर आते हैं, वहीं टीजर के अंत तक दोनों एक-दूसरे से नफरत करने लगते हैं। टीजर के अंत में सोनम बाजवा का किरदार हर्षवर्धन राणे के किरदार से कहता है कि ‘मेरे दिल में तेरे लिए मोहब्बत नहीं सिर्फ नफरत है। तुझे तबाह जो कर देगी वो इस दीवानी की दीवानियत है।’

21 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
मिलाप जावेरी द्वारा निर्देशित ‘एक दीवाने की दीवानियत’ 21 अक्टूबर को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। इस फिल्म का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर दिनेश विजन के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म ‘थामा’ से होगा, जो दीपावली पर ही रिलीज हो रही है।

Related Articles

Back to top button