My CityUttar Pradesh

प्रदेश में अब पूरी तरह फ्री होगा सोलर पैनल लगवाना, नहीं देना होगा आवेदन और पंजीयन शुल्क; जानिए डिटेल

लखनऊ:  प्रदेश में सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को कई तरह की छूट मिलेगी। उन्हें अब आवेदन शुल्क और पंजीयन शुल्क नहीं देना होगा। ऐसे में उपभोक्ताओं का सीधे तौर पर 1250 रुपये बचेगा। इसी तरह मीटर जांच के लिए लिए जाने वाला 400 रुपये भी माफ कर दिया गया है। ऐसे में जो उपभोक्ता खुद से मीटर लगवाते हैं, उन्हें 1650 रुपये का फायदा होगा।

प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्यघरः मुफ्त बिजली योजना चल रही है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 फरवरी, 2024 को की थी। इस योजना के तहत घरों को अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए छूट दी जाती है। यह छूट सोलर पैनल की लागत का 40 फीसदी तक है। प्रदेश में अधिक से अधिक सोलर पैनल स्थापित करने के लिए अब एक किलोवाट से लेकर 10 किलोवाटर तक विद्युत भार के रूफटॉप सोलर विद्युत उपभोक्ताओं के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये ,पंजीकरण शुल्क 1000 रुपये लिया जाता है।

अब यह नि:शुल्क कर लिया गया है। इसी तरह इंटरकनेक्शन/नेटमीटरिंग एग्रीमेंट की आवश्यकता भी समाप्त कर दी गई है। नेट मीटर परीक्षण के लिए अभी तक 400 रुपया शुल्क लिया जाता था। अब इसे भी माफ कर दिया गया है। इस तरह जिन उपभोक्ताओं के यहां निगमों की ओर से स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं उन्हें 1250 रुपये का फायदा होगा। जो उपभोक्ता मीटर खरीद कर ले आते हैं और उसकी जांच कराते हैं, उन्हें सीधे 1650 रुपये का फायदा होगा। इस संबंध में पावर कार्पोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) प्रशांत वर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। सभी विद्युत वितरण निगमों के निदेशकों को इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। उन्हें योजना में उपभोक्ताओं को फायदा देने का निर्देश दिया गया है।

Related Articles

Back to top button