National

अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में भारी बारिश का खतरा, प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर किया अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 15 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके मद्देनजर कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किए गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का खतरा
अरुणाचल प्रदेश के तवांग, वेस्ट कामेंग, ईस्ट कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबानसिरी, ईस्ट सियांग, वेस्ट सियांग, दिबांग वैली और अंजाव जिलों में तेज बारिश की संभावना है। शुक्रवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया।

शनिवार से बारिश की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है। नामसाई, चांगलांग, तिरप, लोहित और लोअर दिबांग वैली में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। बाढ़, नदियों का उफान और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को पश्चिमी अरुणाचल के कई जिलों में भी बारिश का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।

कर्नाटक में भी भारी बारिश का अलर्ट
कर्नाटक के बंगलूरू और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश का दौर जारी है। बंगलूरू के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में बंगलूरू में 52.8 मिमी, कोलार के तमका में 102 मिमी और कलबुर्गी में 72.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

Related Articles

Back to top button