International

कहां तैनात हैं अमेरिकी परमाणु पनडुब्बी? ट्रंप ने बताया; रूस पर प्रतिबंध को लेकर कही ये बात

अमेरिका और रूस के बीच जारी तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना की परमाणु पनडुब्बियां रूस के करीब तैनात की गई हैं। रविवार को पेंसिल्वेनिया के एलेनटाउन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘पनडुब्बियां उस क्षेत्र में हैं, जहां उन्हें होना चाहिए।’

रूस पर प्रतिबंध को लेकर बोले भी ट्रंप
ट्रंप ने रूस पर प्रतिबंधों को लेकर कहा कि अगर रूस कोई समझौता कर ले जिससे लोगों की जानें बच सकें, तो प्रतिबंधों से बचा जा सकता है। ट्रंप ने यह भी बताया कि यह तैनाती रूस के पूर्व राष्ट्रपति और सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव के भड़काऊ बयानों के जवाब में की गई है।

ट्रंप ने आगे कहा कि उनका मकसद दबाव बनाना नहीं, बल्कि न्याय और पारस्परिकता लाना है। ‘मैं किसी पर दबाव बनाने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। मैं बस निष्पक्षता चाहता हूं। हमारे देश को सैकड़ों अरब डॉलर की आमदनी होगी।’ ट्रंप ने शुक्रवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा था कि उन्होंने अमेरिका की दो परमाणु पनडुब्बियों को उचित क्षेत्रों में भेजने का आदेश दिया है, ताकि अगर रूस की तरफ से कोई वास्तविक खतरा हो, तो अमेरिका तैयार रहे। बाद में उन्होंने पुष्टि की कि ये पनडुब्बियां रूस के और करीब लाई गई हैं।

ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को बाइडन की लड़ाई बताया
एक सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘मैंने दो परमाणु पनडुब्बियों को उचित क्षेत्रों में तैनात करने का आदेश दिया है, अगर मेदवेदेव के बयान केवल शब्दों तक सीमित न रहें।’ हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि कौन-सी पनडुब्बियां भेजी गई हैं और कहां तैनात की गई हैं। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को बाइडन की लड़ाई बताया और कहा कि वह इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) आम तौर पर पनडुब्बियों की गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करता।

Related Articles

Back to top button