Uttarakhand

अगले कुछ दिनों में और ज्यादा सावधानी बरतनी जरूरी, सीएम धामी ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। सीएम ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी तंत्रों को हर समय तैयार रखा जाए। संवेदनशील इलाकों में जन-जीवन की सुरक्षा के पूरे इंतजाम हों।

सीएम ने कहा कि जिलों को राहत व बचाव के लिए पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने सड़कों और अन्य जरूरी सुविधाओं की बहाली पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी क्षेत्र में मलबा हटाकर उसे सुरक्षित स्थानों पर डंप करने के निर्देश दिए। ताकि दोबारा बारिश होने पर नदी में अवरोध न बने। कहा कि बारिश कम होने पर चारधाम यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही त्योहारी सीजन भी आ रहा है।

ऐसे में सड़कों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को टेंडर जैसी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने अवरुद्ध सड़कों को खोलने, बिजली-पानी बहाल करने और घायल पशुओं के इलाज के लिए भी जरूरी निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को सभी गांवों में डॉक्टरों की टीम भेजने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button