Business

GST परिषद के फैसलों के बाद बाजार में हल्की तेजी, सेंसेक्स 150 अंक चढ़कर बंद

सूचकांक में भारी वजन रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस के शेयरों में बिकवाली के कारण गुरुवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुआ।आम इस्तेमाल की व्यक्तिगत वस्तुओं और दैनिक आवश्यक उत्पादों पर जीएसटी दर में कटौती की घोषणा के बाद बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 150 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ।अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे गिरकर 88.16 (अनंतिम) पर बंद हुआ।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 150.30 अंक या 0.19 प्रतिशत उछलकर 80,718.01 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 888.96 अंक या 1.10 प्रतिशत बढ़कर 81,456.67 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में बड़ी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली के कारण दिन के उच्चतम स्तर से नीचे आ गया।

वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 19.25 अंक या 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,734.30 पर आ गया। शुरुआती कारोबार में यह 265.7 अंक या 1.07 प्रतिशत बढ़कर 24,980.75 अंक पर पहुंच गया था।

जीएसटी परिषद के फैसलों का दिखा असर
बाजार पर जीएसटी कानून के ढांचे में हुए बड़े बदलाव का भी असर देखने को मिला। जीएसटी 2.0 में रोटी/पराठा से लेकर हेयर ऑयल, आइसक्रीम और टीवी तक आम उपयोग की वस्तुएं सस्ती होंगी। नए एलानों के बाद स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर टैक्स का बोझ शून्य हो जाएगा। बुधवार को जीएसटी परिषद ने जटिल वस्तु व सेवा कर व्यवस्था में पूर्ण बदलाव को मंजूरी दे दी। परिषद ने स्लैब को 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत तक सीमित करने को मंजूरी दे दी है। यह 22 सितंबर, नवरात्रि के पहले दिन से प्रभावी होगा।

सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे अधिक 5.96 प्रतिशत की तेजी आई। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक भी लाभ में रहे। वहीं मारुति सुजुकी इंडिया, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पिछड़ गए।

Related Articles

Back to top button