Entertainment

पवन कल्याण की ओजी बनी ब्लॉकबस्टर, भारत में 140 करोड़ से ज्यादा की कमाई

इन दिनों सिनेमाघरों में बॉलीवुड फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ के साथ साउथ की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ चल रही है। वीकएंड पर दोनों फिल्मों ने अच्छा किया था। इसके बाद दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में गिरावट आई है। आइए जानते हैं पवन कल्याण की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ और अक्षय-अरशद की फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ ने कितना कलेक्शन किया है।

दे कॉल हिम ओजी

साउथ के अभिनेता पवन कल्याण की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज से पहले फिल्म की काफी चर्चा थी। रिलीज होने के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 63.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रविवार को फिल्म का कलेक्शन 18.5 करोड़ रुपये रहा। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक 147.70 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

ओजी की कहानी और स्टारकास्ट

‘दे कॉल हिम ओजी’ की कहानी एक गैंगस्टर पर आधारित है, जो कई वर्षों से लापता रहता है। फिल्म के निर्देशक सुजीत हैं। इसमें पवन कल्याण के अलावा इमरान हाशमी, श्रीया रेड्डी, प्रियंका अरुलमोहन, अर्जुन दास और प्रकाश राज ने अभिनय किया है। इस फिल्म से बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी ने साउथ की फिल्म में डेब्यू किया है। फिल्म में उन्होंने विलेन का रोल किया है।

जॉली एलएलबी 3

कोर्टरूम ड्रामा ‘जॉली एलएलबी 3’ ने वीकएंड पर रफ्तार पकड़ी थी। हालांकि अब इसकी कमाई में दोबारा गिरावट आई है। ओपनिंग डे पर 12.5 करोड़ की कमाई करने वाली इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 74 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे रविवार को फिल्म की कमाई 6.25 करोड़ रुपये रही। सोमवार को फिल्म ने 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 11 दिनों में फिल्म ने कुल 93.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

कोर्टरूम ड्राम में कॉमेडी का तड़का

फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ कोर्टरूम ड्रामा है। इसमें कॉमेडी का तड़का लगाया गया है। यह ‘जॉली एलएलबी’ सीरीज की तीसरी किस्त है। फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ साल 2013 में रिलीज हुई थी। इसकी दूसरी किस्त ‘जॉली एलएलबी 2’ साल 2017 में रिलीज हुई थी। दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। ‘जॉली एलएलबी 3’ में हुमा कुरैशी, अमृता राव, गजराज राव और अनु कपूर हैं।

Related Articles

Back to top button