कॉलेज में शराब पीने के खिलाफ प्रदर्शन हुआ हिंसक; पुलिस से मारपीट के आरोप में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

अहमदाबाद: गुजरात के पाटन जिले के एक विश्वविद्यालय में 16 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में गुरुवार को कांग्रेस विधायक किरीट पटेल और 20 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। किरीट पटेल पाटन का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके साथ सिद्धपुर के पूर्व विधायक चंदनजी ठाकोर, करीब 200 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और छात्र विंग के सदस्यों ने हॉस्टल में शराब पीने के विरोध में हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात विश्वविद्यालय के अंदर प्रदर्शन किया। इसके अगले दिन पाटन बी डिवीजन पुलिस ने पटेल और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। उनपर पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस विधायक किरीट पटेल गिरफ्तार
पुलिस उपाधीक्षक केके पंड्या ने कहा कि कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पटेल और ठाकोर फरार थे। उन्होंने कहा, “स्थानीय पुलिस के सामने सरेंडर करने के बाद हमने किरीट पटेल, चंदनजी ठाकोर समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हम पहले ही 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुके हैं। इन सभी पर विश्वविद्यालय में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप है।”
पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप
पटेल और अन्य पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121-1, 132 और 224 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आठ दिसंबर को विश्वविद्यालय के हॉस्टल में शराब पीते पकड़े गए तीन युवकों के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्टी के विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एचएनजीयू परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि गुजरात में शराब का सेवन करना गैरकानूनी है।
प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के कुलपति केसी पोरिया के चेंबर में जाने की अनुमति नहीं देने पर पटेल की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। इसका वीडियो भी सोशळ मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस वीडियो में पटेल को वीसी कार्यालय के बाहर एक पुलिसकर्मी का चेहरा पकड़ते हुए देखा गया।



