Uttar Pradesh

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी की TGT-PGT और TET की तिथि, इन तारीखों पर होगी परीक्षा

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी) और प्रशिक्षित स्नातक टीचर (टीजीटी) की परीक्षा तिथि जारी कर दी है। इसके साथ ही आयोग ने चार वर्षों के इंतजार के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की तारीखों का भी एलान किया है। आयोग के अनुसार पीजीटी 15 और 16 अक्तूबर को होगी जबकि, टीजीटी 18 और 19 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसी तरह टीईटी की परीक्षा अगले साल 29 और 30 जनवरी 2026 को होगी। बता दें कि टीजीटी और पीजीटी का विज्ञापन 2022 में जारी किया गया था। । टीजीटी के 3539 पदों पर भर्ती के लिए 8.69 लाख अभ्यर्थी तीन साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा तिथि को घोषित करने के लिए छात्र आंदोलन भी कर चुके हैं।

चार साल बाद यूपीटीईटी भी होगी

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) भी अगले साल कराने के लिए तिथि घोषित कर दी गई है। इससे पहले 2021 की यूपीटीईटी का आयोजन 23 जनवरी 2022 को किया गया था। अब चार साल बाद परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। पहले इसके आयोजन की जिम्मेदारी परीक्षा नियामक प्राधिकारी के पास थी। अब यह परीक्षा शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा। टीईटी के आयोजन पर निर्णय से यह भी स्पष्ट हो गया है कि जल्द परिषदीय विद्यालयों में भी सहायक अध्यापक भर्ती शुरू करने की तैयारी है क्योंकि, सहायक अध्यापक भर्ती में शामिल होने के लिए यूपीटीईटी को क्वालिफाई करना अनिवार्य है।

Related Articles

Back to top button