All States

पानी की टंकी पर चढ़ा सिविल डिफेंस जवान, एडीएम के PA पर रिश्वतखोरी का आरोप

अलवर शहर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वन मंत्री के निवास के सामने एक सिविल डिफेंस का जवान पानी की टंकी पर चढ़ गया। जवान ने आरोप लगाया कि एडीएम के पीए भुवनेश शर्मा ड्यूटी लगाने के नाम पर रिश्वत वसूलते हैं और चहेते लोगों को प्राथमिकता दी जाती है।

जवान भानु का कहना है कि पिछले एक साल में उसे केवल दो महीने ही ड्यूटी पर लगाया गया, जबकि कुछ लोगों को साल में आठ-आठ महीने लगातार ड्यूटी दी गई। भानु ने बताया कि अब जब उसका नंबर आया तो ड्यूटी चार्ट से उसका और उसके साथी रामबाबू का नाम काटकर चहेते लोगों का नाम जोड़ दिया गया। आरोप है कि जो लोग रिश्वत देते हैं, उन्हें बार-बार ड्यूटी दी जाती है, जबकि बाकी जवान खाली रह जाते हैं। चूंकि सिविल डिफेंस के जवानों को ड्यूटी के हिसाब से वेतन मिलता है, इसलिए इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ता है।

एक घंटे बाद समझाइश पर उतरा जवान

करीब एक घंटे तक भानु टंकी पर डटा रहा। बाद में मौके पर पहुंचीं तहसीलदार रश्मि शर्मा ने समझाइश देकर उसे नीचे उतारा। नीचे उतरने के बाद मीडिया से बातचीत में भानु ने साफ कहा कि एडीएम के पीए भुवनेश शर्मा बार-बार रोटेशन चार्ट से नाम काटते हैं और बिना पैसे लिए किसी का काम नहीं करते। भानु ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वह कोई बड़ा कदम उठा सकता है।

SHO की गैरमौजूदगी पर नाराज हुईं तहसीलदार

घटना के दौरान SHO मौके पर मौजूद नहीं थे, जिस पर तहसीलदार रश्मि शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि ऐसी गंभीर स्थिति में SHO क्यों मौजूद नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button