Uttar Pradesh

आठ बार फेरे…तीन राज्यों में की वारदात, पुलिसकर्मी बने लड़के वाले; ऐसे पकड़ में आईं लुटेरी दुल्हनें

फिरोजाबाद:  शादी कर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गैंग की दो लुटेरी दुल्हनों समेत लाइनपार पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दोनों ही दुल्हनें अब तक करीब 8 युवकों के साथ सात फेरे ले चुकी हैं। रिश्ता कराने वाले अजय प्रकाश और अमर दोनों दुल्हनों के रिश्तेदार बनकर लड़कियों को राजी करने का हवाला देकर लड़के वालों से मोटी रकम ऐंठते थे।

गैंग का पर्दाफाश तब हुआ जब पूनम नाम की महिला अपनी मौसी के बेटे की शादी के लिए इस गैंग के अजय प्रकाश के पास जा पहुंची। शादी के बाद जब लुटेरी दुल्हन पूनम के मौसी के घर को साफ कर फरार हुई तब रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस टीम ने लड़के वाले बनकर पकड़ा गैंग
यह गैंग इतना शातिर है कि एक राज्य में एक दो बार ही ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था। फिर दूसरे राज्य की ओर कूच कर जाता था। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले में कोई तथ्य हाथ नहीं लग रहा था। फिर अपनी एक पुलिस टीम को लड़के वाला बनाकर गैंग के लोगों से संपर्क किया।

जैसे ही गैंग के लोगों ने शादी के लिए लड़की दिखाने की जगह बताई पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर दो युवतियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस गैंग ने चित्तौड़गढ़ में तीन, हरियाणा में दो और उत्तर प्रदेश में तीन शादियां रचाई थीं।

Related Articles

Back to top button